गुलाम मुस्तफा ने राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार और खनिज संपदा के दुरुपयोग पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि झारखंड में अपार खनिज संसाधनों के बावजूद राज्य की स्थिति दयनीय है। भाजपा, कांग्रेस, जेएमएम और अन्य पार्टियों ने राज्य को सिर्फ लूटा है, और जनता के साथ धोखा किया है। ‘आपकी विकास पार्टी’ का उद्देश्य जनता से सीधे जुड़कर राज्य में सत्ता परिवर्तन की राह को मजबूत बनाना है। मुस्तफा ने चुनाव चिन्ह ‘कलम’ को चुनाव आयोग से मिलने पर आभार प्रकट किया और कहा कि इसका औपचारिक लॉन्च रांची से किया जाएगा।
मुस्तफा ने महाराष्ट्र में श्री रामगिरी महाराज के विवादित बयान पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी, जिसमें मुस्लिम धर्म के पैगम्बर के खिलाफ टिप्पणी की गई थी। इस बयान के विरोध में ‘आपकी विकास पार्टी’ ने शांति पूर्ण मार्च का आयोजन करना चाहा था, लेकिन प्रशासन ने जानबूझकर अनुमति देने में देरी की और रैली के लिए अनुपयुक्त स्थान प्रदान किया। मुस्तफा ने आरोप लगाया कि प्रशासन नहीं चाहता कि पार्टी सामाजिक मुद्दों पर संघर्ष करे और जनता की आवाज उठाए।
प्रेस वार्ता में प्रदेश सचिव सागिर, केंद्रीय कमेटी सदस्य मो. दानिश और मो. इरशाद भी उपस्थित थे। पार्टी का मुख्य उद्देश्य राज्य में शिक्षा, पारदर्शिता और विकास के मुद्दों पर काम करना है, और इसके लिए ‘कलम’ चुनाव चिन्ह को एक सशक्त प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।