Koderma: तिलैया थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध वृंदाहा वॉटरफॉल में बुधवार को नहाने और रील बनाने के दौरान एक 14 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। मृतक की पहचान बिहार के जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र निवासी सागर कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सागर कुमार कोचिंग संचालक राजेश केशरी और करीब छह बच्चों के साथ शैक्षणिक भ्रमण पर Koderma आया था। वृंदाहा वॉटरफॉल पहुंचने के बाद सभी बच्चे नहाने लगे। इसी दौरान सागर वॉटरफॉल के पास मौजूद एक चट्टान पर चढ़कर नहाने के साथ रील बनाने लगा। इसी बीच अचानक उसका पैर फिसल गया और वह चट्टान के नीचे मौजूद गहरे पानी में जा गिरा। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ आए बच्चों, कोचिंग संचालक और स्थानीय लोगों ने सागर की तलाश शुरू की। घटना की सूचना तिलैया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से पानी में किशोर की तलाश शुरू कराई।
हालांकि, इसी दौरान अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश और पानी के बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी परेशानी हुई। काफी प्रयास के बावजूद फिलहाल सागर का शव बरामद नहीं किया जा सका है। अब गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश किए जाने की बात कही जा रही है।
कोचिंग संचालक राजेश केशरी ने बताया कि वह सुबह बच्चों के साथ शैक्षणिक भ्रमण के लिए जहानाबाद से कोडरमा पहुंचे थे। वृंदाहा पहुंचने के बाद बच्चे नहाने लगे। कुछ देर बाद सागर दिखाई नहीं दिया। काफी खोजबीन के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
वहीं, सागर के मित्र आशीष ने बताया कि नहाने के दौरान अचानक सागर दिखाई नहीं दिया। दोस्तों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
रील और सेल्फी के शौक पर बड़ा सवाल
वृंदाहा वॉटरफॉल में हुआ यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि लापरवाही के खिलाफ एक बड़ी चेतावनी भी है। वॉटरफॉल के आसपास कई जगह गहरा पानी, तेज बहाव और फिसलन भरी चट्टानें मौजूद हैं। प्रशासन की ओर से लोगों को खतरनाक स्थानों और गहरे पानी के पास जाने से लगातार मना किया जाता है।
इसके बावजूद पर्यटक चट्टानों पर चढ़कर सेल्फी और रील बनाने की कोशिश करते हैं। कुछ सेकेंड की वीडियो और सोशल मीडिया पर कुछ लाइक्स के लिए जान जोखिम में डालने का यह सिलसिला कब रुकेगा, यह बड़ा सवाल है।
एक गलत कदम जिंदगी खत्म कर सकता है।
रील और सेल्फी बाद में भी बनाई जा सकती है, लेकिन जिंदगी दोबारा नहीं मिलती।









