Skip to content

Koderma News : कोडरमा में कांग्रेस का एक दिवसीय धरन प्रदर्शन , MMDR बिल और चंदा चोरी पे केंद्र सरकार पे बोला हमला

Megha Sinha

Koderma News : जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने निकाला जुलूस, समाहरणालय के समक्ष दिया धरना; केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ की नारेबाजी

Koderma News : झारखंड की खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार और अयोध्या राम मंदिर चंदे में पारदर्शिता की मांग को लेकर कोडरमा में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला और जिला समाहरणालय के समक्ष धरना दिया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

गुरुवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रजक के नेतृत्व में हनुमान मंदिर परिसर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जुलूस निकला। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला समाहरणालय पहुंचा, जहां धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

धरना को संबोधित करते हुए प्रकाश रजक ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी खनिज संपदा से है। कोयला, लौह अयस्क समेत दूसरे खनिज राज्य की अर्थव्यवस्था, राजस्व, रोजगार और विकास से सीधे जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से जुड़े अधिकारों में ऐसा कोई बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिससे झारखंड के हित और राजस्व प्रभावित हों।

वहीं अयोध्या राम मंदिर चंदे के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग उठाई। प्रकाश रजक ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और श्रद्धालुओं ने विश्वास के साथ मंदिर निर्माण के लिए दान दिया है। ऐसे में चंदे से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

धरना को प्रदेश महासचिव सह जिला संगठन प्रभारी विजय यादव, प्रदेश सचिव मनोज सहाय समेत कई कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से झारखंड के खनिज और आर्थिक हितों की रक्षा करने, राज्यों के अधिकारों का सम्मान करने और राम मंदिर चंदे के मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। पार्टी ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर उसका लोकतांत्रिक संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।