Koderma News : कई दिनों से जारी सर्च ऑपरेशन में नहीं मिला सुराग, विशेषज्ञ गोताखोरों ने संभाला मोर्चा; एसपी ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का लिया जायजा
Koderma News : कोडरमा के वृंदाहा वॉटरफॉल से लापता छात्र सागर कुमार की तलाश के लिए अब 15 सदस्यीय विशेषज्ञ गोताखोर टीम को लगाया गया है। स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की कोशिशों के बाद पुलिस ने रेस्क्यू अभियान को और तेज कर दिया है
Koderma News : कोडरमा के वृंदाहा वॉटरफॉल से लापता छात्र सागर कुमार की तलाश अब और तेज कर दी गई है। कई दिनों से चल रहे सर्च ऑपरेशन के बावजूद सागर का कोई सुराग नहीं मिलने के बाद पुलिस ने अब 15 सदस्यीय गोताखोर टीम को रेस्क्यू अभियान में लगाया है। हजारीबाग के चौपारण स्थित चैयकला से पहुंची यह टीम वॉटरफॉल के गहरे पानी में सागर की तलाश कर रही है।
तिलैया थाना क्षेत्र के वृंदाहा वॉटरफॉल में सागर के लापता होने के बाद स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम भी सर्च ऑपरेशन चला चुकी है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। परिजनों की लगातार मांग के बाद पुलिस ने विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम बुलाकर तलाश अभियान को एक बार फिर तेज किया है।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने तिलैया थाना प्रभारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ वृंदाहा वॉटरफॉल पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ रेस्क्यू टीम से अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली और आगे की रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान एसपी ने सागर के पिता और कोचिंग संचालक बबलू से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। वहीं, गुरुवार को कोचिंग संचालक के साथ वॉटरफॉल पहुंचे अन्य छात्रों और उनके माता-पिता को भी पुलिस ने बुलाकर घटना से जुड़ी जानकारी हासिल की।
फिलहाल 15 सदस्यीय गोताखोर टीम वॉटरफॉल के अलग-अलग हिस्सों में सागर की तलाश में जुटी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। परिवार की नजरें अब रेस्क्यू अभियान के नतीजे पर टिकी हैं।









