Koderma: कोडरमा पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां मोड़ स्थित बाबा होटल में देर रात छापेमारी कर देह व्यापार के एक कथित रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से तीन पीड़िताओं को मुक्त कराया, जबकि तीन ग्राहकों, एक कथित ब्रोकर और होटल मैनेजर समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक कोडरमा को 1 अगस्त की रात गुप्त सूचना मिली थी कि बाबा होटल में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए तिलैया थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से रंजीत कुमार (नवादा, बिहार), बिरेन्द्र कुमार (नवादा, बिहार) और मो. एहतेशाम (असनाबाद, कोडरमा) को गिरफ्तार किया। वहीं, कथित ब्रोकर कैलाश प्रसाद वर्मा तथा होटल मैनेजर रवि कुमार को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान तीन पीड़िताओं को मुक्त कराया गया।
पुलिस ने होटल से कंडोम, इस्तेमाल किए गए कंडोम, शराब की बोतलें, बीयर, सिगरेट, शक्तिवर्धक टैबलेट, होटल का आगंतुक पंजी, तीन मोबाइल फोन (आईफोन, ओप्पो और वीवो) सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। इसके अलावा दो चारपहिया वाहन और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी जब्त की गई है।
इस संबंध में चंदवारा थाना में अनैतिक देह व्यापार से संबंधित प्रासंगिक धाराओं एवं अधिनियमों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुटी है। जांच में यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोडरमा पुलिस ने कहा है कि जिले में अनैतिक देह व्यापार, मानव तस्करी, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


