

Koderma: कोडरमा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा नाबालिग बच्चे को महज 8 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस कार्य के लिए पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे तिलैया डैम ओपी क्षेत्र स्थित दी प्लेटफार्म आवासीय कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर रहा 11 वर्षीय निखित कुमार अचानक लापता हो गया था। इस संबंध में सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही तकनीकी शाखा और साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के आधार पर लगातार छापेमारी की। अथक प्रयासों के बाद बच्चे को जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गडचांच पेट्रोल पंप के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।
बरामद बच्चे की पहचान उसके परिजनों से कराई गई और उसे सुरक्षित जयनगर थाना लाकर परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जिला पुलिस के प्रति आभार जताया।
इस सफल कार्रवाई में जयनगर पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के सदस्यों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।