
रांची। झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम और एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा। राज्यसभा की पहली सीट पर झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम की जीत पहले से ही लगभग तय मानी जा रही थी। महागठबंधन के पर्याप्त संख्याबल के कारण उनके निर्वाचन को लेकर किसी प्रकार का संशय नहीं था। मतदान और मतगणना के बाद उन्होंने आसानी से जीत हासिल कर ली।
दूसरी सीट पर मुकाबला एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी और कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा के बीच था। इस सीट पर राजनीतिक गलियारों की नजरें टिकी हुई थीं। मतगणना के बाद परिमल नाथवानी ने जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को पराजय का सामना करना पड़ा।
राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद झामुमो और एनडीए खेमे में खुशी का माहौल है। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाई देकर जीत का जश्न मनाया। इस चुनाव परिणाम के साथ झारखंड से राज्यसभा की दोनों सीटों पर एक-एक उम्मीदवार की जीत हुई है, जिसमें एक सीट झामुमो के खाते में गई तो दूसरी सीट एनडीए के हिस्से आई।
झारखंड राज्यसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर!
मतों का गणित भी कई सवाल छोड़ गया
- बैजनाथ राम : 30 वोट
- परिमल नाथवानी : 28 वोट
- प्रणव झा : 20 वोट
नतीजों ने क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं को हवा दे दी है। सत्ताधारी गठबंधन की एकजुटता पर भी सवाल उठने लगे हैं। क्या यह आने वाले राजनीतिक समीकरणों का संकेत है?


