Skip to content
Jharkhand News
Jharkhand News

Jharkhand News : कोलकाता में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का उद्घाटन, झारखंड के कारीगरों को मिलेगा नया राष्ट्रीय मंच

Megha Sinha
Jharkhand News
Jharkhand News

Jharkhand News : उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने किया उद्घाटन, बोले- यह इम्पोरियम कारीगरों के सपनों और आत्मविश्वास का प्रतीक

Jharkhand News : कोलकाता के थिएटर रोड में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का उद्घाटन उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह इम्पोरियम झारखंड के कारीगरों, बुनकरों और ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और रोजगार का नया द्वार साबित होगा।
Jharkhand News : कोलकाता में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का उद्घाटन, झारखंड के कारीगरों को मिलेगा नया राष्ट्रीय मंच 1

झारखंड की कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बुधवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के प्रतिष्ठित थिएटर रोड में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास तथा उद्योग विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव मुख्य रूप से मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि झारक्राफ्ट का यह नया इम्पोरियम केवल उत्पादों की बिक्री का केंद्र नहीं होगा, बल्कि यह झारखंड के हजारों कारीगरों, बुनकरों और ग्रामीण महिलाओं के सपनों, मेहनत और आत्मविश्वास का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही है। झारक्राफ्ट इसी दिशा में एक मजबूत माध्यम बनकर उभरा है।

Jharkhand News : कोलकाता में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का उद्घाटन, झारखंड के कारीगरों को मिलेगा नया राष्ट्रीय मंच 2

मंत्री ने कहा कि झारखंड अपनी प्राकृतिक संपदा के साथ-साथ समृद्ध हस्तशिल्प, हथकरघा, तसर सिल्क, डोकरा कला, बाँस एवं लकड़ी के शिल्प और जनजातीय संस्कृति के लिए देशभर में विशेष पहचान रखता है। ऐसे में कोलकाता जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक शहर में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम की शुरुआत राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने आगे कहा कि झारक्राफ्ट लगातार राज्य के कारीगरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने का कार्य कर रहा है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय कलाकारों के हुनर को नई पहचान मिलेगी।

इस मौके पर उद्योग सचिव अरवा राजकमल भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि कोलकाता कला, साहित्य और संस्कृति का केंद्र माना जाता है। ऐसे शहर में झारक्राफ्ट का नया इम्पोरियम खुलना दो राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का कार्य करेगा। यहां आने वाले ग्राहकों को झारखंड की पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

Jharkhand News : कोलकाता में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का उद्घाटन, झारखंड के कारीगरों को मिलेगा नया राष्ट्रीय मंच 3

उन्होंने कहा कि झारखंड के हस्तशिल्प उत्पाद न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। झारक्राफ्ट के माध्यम से राज्य के कारीगरों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।

कार्यक्रम के दौरान झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि कोलकाता में शुरू किया गया यह नया इम्पोरियम स्थानीय लोगों के बीच निश्चित रूप से लोकप्रिय होगा और झारखंड की कला एवं संस्कृति को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में झारक्राफ्ट देश के अन्य महानगरों में भी नए इम्पोरियम खोलने की दिशा में कार्य करेगा, ताकि झारखंड के उत्पादों को और बड़े बाजार तक पहुंचाया जा सके।

Jharkhand News : कोलकाता में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का उद्घाटन, झारखंड के कारीगरों को मिलेगा नया राष्ट्रीय मंच 4

झारक्राफ्ट के इस नए इम्पोरियम में ग्राहकों के लिए तसर सिल्क की साड़ियाँ, डिजाइनर कुर्ती, सलवार सूट, स्कार्फ, डुपट्टा, शर्ट, कुर्ता, बंडी, शॉल, उत्कृष्ट गुणवत्ता वाले रेशमी कपड़े, लेदर बैग सहित कई आकर्षक उत्पाद उपलब्ध कराए गए हैं। इन उत्पादों में झारखंड की पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का बेहतरीन मेल देखने को मिल रहा है, जो ग्राहकों को काफी आकर्षित कर रहा है।

समारोह में उद्योग विभाग के कई अधिकारी, झारक्राफ्ट के पदाधिकारी, कारीगर और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान झारखंड की समृद्ध कला और संस्कृति को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।