Skip to content

कोडरमा से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात: छह साल के मासूम की सौतेली दादी ने की हत्या, जंगल में दफना दिया शव

zabazshoaib

कोडरमा: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र से दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की पवित्रता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज 6 साल के मासूम विक्रम कुमार की उसकी ही सौतेली दादी रेखा देवी ने बेरहमी से हत्या कर दी और शव को जंगल में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ममता के नाम पर कलंक बनी रेखा देवी

जिस औरत को समाज “दादी” कहकर ममता की मिसाल मानता है, उसी ने रिश्ते की गरिमा को रौंद डाला। आरोपी रेखा देवी ने अपने सौतेले पोते विक्रम के गले में साड़ी जैसी रस्सी लपेटकर उसकी सांसें हमेशा के लिए थाम दीं। बच्चे की मासूम आंखों में शायद आख़िरी पल तक ये उम्मीद रही होगी कि दादी बचा लेंगी, पर किसे पता था कि मौत उन्हीं हाथों से आने वाली है, जो कभी प्यार से गोद में उठाया करती थीं।

माँ की पुकार से खुला राज

मृतक की मां पुनम देवी ने तिलैया थाना में सूचना दी थी कि उनका बेटा विक्रम अचानक लापता हो गया और उन्हें शक है कि घर के ही लोगों ने उसकी हत्या कर दी है। मामला मिलते ही पुलिस अधीक्षक कोडरमा ने एक विशेष टीम का गठन किया और गहन छानबीन शुरू हुई।

रेखा देवी को जब हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने द्वेष भावना से विक्रम की हत्या की, क्योंकि वह उसका ‘अपना’ पोता नहीं था। अपराध को अंजाम देने के बाद उसने शव को जंगल में एक गड्ढा खोदकर दफना दिया था।

कब्र से निकाला गया शव, रस्सी भी बरामद

पुलिस टीम ने दंडाधिकारी की उपस्थिति में जंगल में खुदाई कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी, खून से सना गमछा और विक्रम का टी-शर्ट भी बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी:
रेखा देवी, उम्र 57 वर्ष, पति मनोज यादव, निवासी पार गझण्डी, थाना तिलैया, जिला कोडरमा।

कोडरमा से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात: छह साल के मासूम की सौतेली दादी ने की हत्या, जंगल में दफना दिया शव 1

बरामद सामान:

  • गेरुआ रंग का गमछा
  • हरा रंग का टी-शर्ट
  • काली रस्सी (2.5 फीट)
  • हत्या में प्रयुक्त रस्सी
कोडरमा से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात: छह साल के मासूम की सौतेली दादी ने की हत्या, जंगल में दफना दिया शव 2

छापामारी टीम में शामिल अधिकारी:

  • थाना प्रभारी विनय कुमार
  • महिला पुलिस अधिकारी मेनका बिरूली
  • तकनीकी प्रभारी अभिमन्यु परिहारी
  • अन्य पुलिसकर्मी व सशस्त्र बल

गांव में पसरा मातम, लोग स्तब्ध


इस क्रूरता की खबर जैसे ही इलाके में फैली, हर आंख नम हो गई। छह साल का मासूम, जो खेल-कूद और हंसी के सपनों में मग्न था, आज मिट्टी में दफन पाया गया। गांव वालों का कहना है कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि एक दादी ऐसा कर सकती है।

पुलिस फिलहाल इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि कहीं इस खौफनाक साजिश में कोई और तो शामिल नहीं।

जहां ममता होनी चाहिए थी, वहां नफ़रत पल रही थी — और एक मासूम की जान चली गई। यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों की मरती हुई संवेदनाओं का भी सबूत है।