

Koderma: बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज कोडरमा जिले में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रमों और सामूहिक शपथ समारोहों का आयोजन किया गया। अभियान की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों और महिला समूहों में बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी सेविकाओं/सहायिकाओं तथा समुदाय के सदस्यों द्वारा बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ ली गई।
कार्यक्रमों में बाल विवाह के दुष्परिणाम, कानूनी प्रावधानों तथा समाज की भूमिका पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इसी क्रम में बालिका परियोजना विद्यालय, कोडरमा में आयोजित मुखिया सम्मेलन में उप विकास आयुक्त रवि जैन, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव सहित सभी उपस्थित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ग्रहण की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कानून की प्रभावी निगरानी, जागरूकता गतिविधियों को सुदृढ़ करने तथा किसी भी संभावित बाल विवाह की सूचना मिलने पर त्वरित हस्तक्षेप सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।
जिले में बाल विवाह के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने एवं शपथ कार्यक्रमों के सफल आयोजन में जिला समाज कल्याण शाखा तथा नीति आयोग के डेवलपमेंट पार्टनर—एसोसिएशन फ़ॉर वॉलंटरी एक्शन—का सराहनीय एवं बहुमूल्य योगदान रहा।