

Koderma: राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, कोडरमा के तत्वाधान में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के अंतर्गत झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, डोमचांच एवं आदर्श उत्क्रमित उच्च विद्यालय, डोमचांच में जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को तंबाकू एवं मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव तथा क्षय रोग (टीबी) के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया तथा अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
जिला परामर्शी दीपेश कुमार ने बताया कि तंबाकू सेवन स्वास्थ्य के साथ-साथ आर्थिक दृष्टि से भी व्यक्ति एवं परिवार दोनों के लिए अत्यंत हानिकारक है। उन्होंने कहा कि तंबाकू उत्पादों के सेवन से कैंसर, बालों का झड़ना, मोतियाबिंद, गैंग्रीन, अल्सर, बांझपन, नपुंसकता, हृदय तथा श्वांस संबंधी बीमारियाँ होने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि कोटपा (झारखंड संशोधन) अधिनियम 2021 के तहत शिक्षण संस्थान, स्वास्थ्य संस्थान, सार्वजनिक कार्यालय एवं कोर्ट परिसर के 100 मीटर की परिधि में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित है। उल्लंघन करने वालों पर 1000 रुपए तक का जुर्माना देने का प्रावधान है। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र–छात्राओं ने तंबाकू मुक्त समाज बनाने, समृद्ध झारखंड एवं स्वस्थ भारत के निर्माण की शपथ ली।