Skip to content

स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत में सड़क जाम, फंसी एम्बुलेंस मरीज की मौत

EPm4BYwVUAEG5dOस्वास्थ्य मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद बन्ना गुप्ता रविवार को पहली बार जमशेदपुर पहुंचे। यहां कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत में मानगो गोल चक्कर पर जमकर आतिशबाजी की। इस दौरान वहां लंबा सड़क जाम लग गया। इसमें दो एंबुलेंस फंस गईं। करीब डेढ़ घंटे बाद एंबुलेंस जाम से बाहर निकल सकी। पर इनमें से एक एंबुलेंस के मरीज की मौत हो गई।

एंबुलेंस चालक खालिद खान ने बताया कि वो एक सड़क हादसे में जख्मी युवक को लेकर एमजीएम पहुंचे थे। वहां डॉक्टर्स ने मरीज को गंगा नर्सिंग होम लेकर जाने के लिए कहा। खालिद एंबुलेंस में मरीज को लेकर निकले ही थे कि कुछ आगे चलने पर लंबे सड़क जाम में फंस गए। जाम स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के स्वागत के दौरान लगा था।

Also Read: ऐतिहासिक होगा धनबाद में स्थापना दिवस समारोह, हेमंत और शिबू सोरेन होंगे शामिल

खालिद ने वहां तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी और आतिशबाजी कर रहे लोगों से भी कहा कि मरीज की स्थिति गंभीर है और उसे जल्द गंगा नर्सिंग होम पहुंचाना जरूरी है। पर उनकी किसी ने एक ना सुनी। करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खत्म होने पर खालिद एंबुलेंस लेकर गंगा नर्सिंग होम पहुंचे। जहां डॉक्टर्स ने मरीज को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मरीज की पहचान नहीं हो सकी है।

जिम्मेवार पर कार्रवाई होगी: सीएम

स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत के दौरान उत्पन्न सड़क जाम में फंसकर एंबुलेंस सवार मरीज की मौत हो जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मुझे इसकी अभी जानकारी नहीं। इसको देखते है। जो जिम्मेवार है, उसपर कार्रवाई होगी।

Also Read: हेमंत सोरेन का पीएम मोदी पर तंज कहा- माँगा ट्राइबल यूनिवर्सिटी मिला म्यूजियम आदिवासियों के साथ हुआ धोखा

स्वास्थ्य मंत्री पर अविलंब कार्रवाई करें सीएम: भाजपा

भाजपा ने आरोप लगाया है कि जमशेदपुर में मरीज की मौत के लिए स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता सीधे तौर पर जिम्मेवार हैं। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने मांग की है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वास्थ्य मंत्री पर कार्रवाई करें। जाम लगाने के दोषियों के खिलाफ धारा 302 के तहत मुकदमा किया जाए।