बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav RJD) 18 सितंबर को झारखंड आ रहे हैं. तेजस्वी यादव का यह दौरा झारखंड के राजद नेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में भी जान फूंकने की कोशिश के तहत ही तय हुआ है. तेजस्वी यादव शनिवार को रांची आ रहे हैं वह 18 और 19 सितंबर, दो दिवसीय दौरे पर रांची आ रहे हैं.
तेजस्वी यादव के रांची आगमन का मुख्य उद्देश्य झारखंड राजद को बूथ स्तर तक मजबूत करना है इसके लिए वे राज्य के सभी 24 जिलों के कार्यकर्ताओं के साथ 19 सितंबर की सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रांची के हरमू रोड के डिबडीह स्थित कार्निवाल हॉल में कार्यकर्ता सम्मेलन करेंगे. तेजस्वी यादव के रांची आगमन की तैयारियों को लेकर राजद झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष चतरा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव, झारखंड सरकार के श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता जोर-शोर से जुटे हुए हैं. तेजस्वी यादव के स्वागत में रांची में महापुरुषों के नाम पर 31 तोरण द्वार बनाया जा रहा है. तेजस्वी यादव 18 सितंबर की दोपहर 3:30 बजे रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे. जहां झारखंड राजद के नेता पारंपरिक रीति रिवाज, ढोल-नगाड़ा के साथ स्वागत करेंगे इसके बाद वे भगवान बिरसा मुंडा, अल्बर्ट एक्का, कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे.
झारखंड राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने कहा कि बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहले अपने पिताजी राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने आते थे. झारखंड में यह पहली बार है जब वे कार्यकर्ताओं से मिलने आ रहे हैं झारखंड राजद में जान फूंकने के लिए अब प्रत्येक महीने की तीसरे सप्ताह में रांची आएंगे और झारखंड राजद को मजबूत करने का टिप्स देंगे तथा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएंगे.