

Bihar Elections 2025 के दूसरे और अंतिम चरण का प्रचार आज शाम थम जाएगा। 11 नवंबर को 122 सीटों पर होने वाले मतदान से पहले एनडीए और महागठबंधन ने चुनावी मैदान में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस बीच, आज महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव का 37वां जन्मदिन भी है, जिसे पार्टी कार्यकर्ता राजद कार्यालय में 37 पाउंड का केक काटकर मना रहे हैं। तेजस्वी आज भी कई जिलों में रैलियां कर जनता से सीधे जुड़ रहे हैं। महागठबंधन बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार पर तीखे हमले कर रहा है।
दूसरी ओर, एनडीए की ओर से प्रचार का केंद्र सासाराम, अरवल, रोहतास, औरंगाबाद और कैमूर जैसे जिले बने हुए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आज कई रैलियां निर्धारित हैं, जहां वे विकास और सुशासन के मुद्दे पर जनता से वोट की अपील कर रहे हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आज चार जिलों में जनसभाएं कर विपक्ष पर हमला बोलेंगे। शाम तक सियासी गलियारों में गहमागहमी बनी रहेगी, उसके बाद मतदाता तय करेंगे कि बिहार की सत्ता किसके हाथ में जाएगी।




