Skip to content
Advertisement

JSCA Stadium : भारत-दक्षिण अफ्रीका का मैच 9 अक्टूबर को रांची में, झारखंड एटीएस का सुरक्षा अभ्यास

Bharti Warish

JSCA Stadium : झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के रांची के धुर्वा स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने माक ड्रिल कर यह दिखा दिया कि हर विषम परिस्थिति में झारखंड एटीएस पूरी हिम्मत व जज्बे के साथ लोगों को सुरक्षा देगी।

Advertisement
Advertisement

माक ड्रिल में आतंकियों के हाथों बंधक बने दर्शकों को मुक्त कराने का प्रदर्शन करना था, जिसे एटीएस की टीम ने बखूबी निभाया। एटीएस ने यह अभ्यास आगामी नौ अक्टूबर को यहां प्रस्तावित भारत-दक्षिण अफ्रीका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की सुरक्षा के मद्देनजर किया। माक ड्रिल में दिखाया गया कि मैच देखने के दौरान आतंकी हमला हुआ और आतंकियों ने दर्शकों को बंधक बना लिया। इसके बाद झारखंड एटीएस की कार्रवाई शुरू हुई।

अत्याधुनिक हथियारों से लैस एटीएस की हिट टीम ने अपनी कौशल की बदौलत सभी दर्शकों को सकुशल रिहा करवा लिया। अभ्यास के दौरान स्टेडियम में जरूरी उपकरण, अग्निशमन गाड़ी, एंबुलेंस की जरूरी तैनाती की गई थी। इस पूरे माक ड्रिल का अभ्यास के दौरान ड्रोन कैमरे के साथ-साथ वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी कराई गई थी।

रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए स्टेडियम में अब तक दो टेस्ट, पांच एक दिवसीय व तीन टी-20 मैच खेला जा चुका है। इस स्टेडियम की क्षमता 50 हजार दर्शकों की है।

पहला टेस्ट मैच 16 से 20 मार्च 2017 तक भारत व आस्ट्रेलिया के बीच व दूसरा टेस्ट मैच 19 से 22 अक्टूबर 2019 तक भारत व दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया था। इसके अलावा पहला एकदिवसीय मैच 19 जनवरी 2013 को भारत व इंग्लैंड के बीच खेला गया था। दूसरा वन डे आठ मार्च 2019 को भारत व आस्ट्रेलिया के बीच हुआ था।

इस ग्राउंड पर पहला अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच 12 फरवरी 2016 को इंडिया व श्रीलंका के साथ हुआ था, इसमें टीम इंडिया ने 69 रनों के अंतर से जीत हासिल की थी। इसके बाद दूसरा टी-20 मैच सात अक्टूबर 2017 को आस्ट्रेलिया से हुआ था,

जिसमें इंडिया ने आस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हराया था। करीब चार साल के बाद गत वर्ष 19 नवंबर 2021 को भारत व न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मैच हुआ था। इस ग्राउंड पर पहला महिला एक दिवसीय मैच 15 फरवरी 2016 को भारत व श्रीलंका के बीच व अंतिम महिला एक दिवसीय मैच 19 फरवरी 2016 को भारत व श्रीलंका के बीच खेला गया था।

पहला महिला टी-20 22 फरवरी 2016 को भारत व श्रीलंका के बीच व दूसरा महिला टी-20 26 फरवरी 2016 को भारत व श्रीलंका के बीच खेला गया था।

Advertisement
JSCA Stadium : भारत-दक्षिण अफ्रीका का मैच 9 अक्टूबर को रांची में, झारखंड एटीएस का सुरक्षा अभ्यास 1