Skip to content

Virat Kohli: लगातार 2 करो या मरो वाले मुकाबले और दोनों में शतक, द मैन… द मिथ… द लीजेंड… किंग कोहली!

Shah Ahmad

Virat Kohli: विराट कोहली ने IPL 2023 के 14 मुकाबलों में 140 की स्ट्राइक रेट से 6 अर्धशतक और 2 शतक के साथ 639 रन ठोक दिए। विराट ने पिछले मुकाबले में सनराइजर्स के खिलाफ बॉल वन से ही अटैक किया था और ताबड़तोड़ शतक जड़ दिया था। गुजरात के खिलाफ भी किंग कोहली इसी रणनीति के साथ उतरे। मोहम्मद शमी के पहले ओवर की तीसरी गेंद फुल एंड वाइड आउटसाइड ऑफ थी। विराट ने इसे कवर के ऊपर से लॉफ्ट करते हुए चौका अपने नाम कर लिया। यश दयाल के चौथे ओवर में किंग ने हैट्रिक चौके लगा दिए। पहली गेंद स्टंप्स पर थी और विराट ने कलाइयों के सहारे फ्लिक करते हुए मिडविकेट की दिशा में चौका लगा दिया। दूसरी गेंद शॉर्ट बॉल और नतीजा स्क्वायर लेग की दिशा में पुल शॉट पर बेहतरीन चौका। तीसरी गेंद बैक ऑफ लेंथ ऑन स्टंप्स। फिर से स्क्वायर लेग की दिशा में पुल शॉट पर चौका।

पांचवें ओवर में पहली दफा राशिद खान विराट के सामने थे। पहली गेंद शॉर्ट आउटसाइड ऑफ। विराट ने बैकफुट पर जाते हुए एक्स्ट्राकवर की दिशा में ताकतवर ड्राइव करते हुए चौका जड़ दिया। पावरप्ले का अंतिम ओवर लेकर दूसरे अफगानिस्तानी स्पिनर नूर अहमद आए। विराट ने पांचवीं गुगली को कवर-पॉइंट की दिशा में पंच करते हुए चौका लगा दिया। नूर अहमद के 10वें ओवर की तीसरी गेंद गुगली थी। विराट ने ऑल अलोंग द ग्राउंड ड्राइव करते हुए लॉन्गऑफ की दिशा में चौका जड़ दिया। नूर अहमद के 12वें ओवर की पांचवीं गेंद को स्वीपर कवर की दिशा में खेलकर विराट ने 2 रन बटोरे और अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। मोहित शर्मा के 13वें ओवर की पहली गेंद शॉर्ट बॉल आउट साइड ऑफ थी। विराट ने कवर के बगल से हवाई चौका लगा दिया।

इस बीच फाफ डु प्लेसिस 28, मैक्सवेल 11 और लोमरोर 1 रन बनाकर लौट चुके थे। मोहित शर्मा ने 16वें ओवर की दूसरी गेंद धीमी गति के साथ आउटसाइड ऑफ लेंथ बॉल डाली। विराट ने कवर की दिशा में कट शॉट पर चौका लगा दिया। पांचवीं गेंद फुलर लेंथ आउटसाइड ऑफ और बदले में  फुल फेस ऑफ द बैट के साथ बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में करारा चौका। यश दयाल के 18वें ओवर की दूसरी लेंथ बॉल को विराट ने डीप मिडविकेट बाउंड्री के स्टैंड में मारा। पांचवीं गेंद फुलर लेंथ डाउन द लेग थी। विराट ने आसानी से फाइन लेग की दिशा में चौका लगा दिया। मोहम्मद शमी ने 19वें ओवर की पहली गेंद फुलटॉस डाली। बदले में विराट ने फाइन लेग की दिशा में फ्लिक पर चौका लगा दिया। चौथी गेंद धीमी ऑफ कटर और नतीजा फाइन लेग बाउंड्री के बाहर 4 रन।

मोहित शर्मा के अंतिम ओवर की पहली ही गेंद को लॉन्गऑन की दिशा में सिंगल के लिए खेलकर विराट ने लगातार दूसरा IPL शतक पूरा कर लिया। लगातार दो मस्ट विन मुकाबलों में दूसरा शतक जड़कर विराट ने अपने तमाम विरोधियों को करारा जवाब दिया। IPL के इतिहास में इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था। यह जवाब उन भारतीय चयनकर्ताओं के लिए भी था, जो विराट को जबरन T-20 इंटरनेशनल से ड्रॉप करने पर आमादा हैं। हकीकत यह है कि विराट से बड़ा खिलाड़ी फिलहाल समूची दुनिया में दूसरा कोई नहीं है। विराट का बल्ला क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में रंग जमाता है। किंग कोहली अकेले ही ताबड़तोड़ प्रहार कर मुश्किल हालात से टीम को बाहर लाता है। जिस तरह विराट ने 61 गेंद पर 165 की स्ट्राइक रेट के साथ 13 चौकों और 1 छक्के  की मदद से 101* रन बनाए, वह लंबे अरसे तक याद किया जाएगा। दूसरे छोर पर विकेटों के पतझड़ के बीच खेली गई किंग की इस पारी को कोई भुला नहीं पाएगा।

विराट के ताबड़तोड़ शतक के जवाब में शुभमन गिल ने दमदार सेंचुरी लगा दी। RCB की लचर गेंदबाजी ने हर साल की तरह इस बार भी अपनी टीम की लुटिया डुबा दी। हार के बावजूद विराट के शतक की अहमियत कम नहीं हो जाती। विराट अपनी टीम की तरफ से अकेला खड़ा था। जब बाकी सब बल्लेबाज पवेलियन लौट रहे थे, किंग पूरे जोश के साथ विपक्षी गेंदबाजों से डटकर लड़ा था। 14 मुकाबलों में 7 जीत और 7 हार के साथ छठे पायदान पर रहकर सीजन खत्म करने वाले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अगले साल से मिडिल ऑर्डर में अच्छे बल्लेबाज बल्लेबाज ढूंढने होंगे। वरना विराट यूं ही अकेले टीम की खातिर सब कर जाएगा, पर बेंगलुरु को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा पाएगा।