

JHARKHAND Municipality Election : झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने कोल्हान के तीनों जिला सहित सभी 24 जिलों के लिए उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) अधिसूचित कर दिया है।
मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत के चुनाव के लिए सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी अभिषेक कुमार को जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी अधिसूचित किया है।
सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद और सरायकेला नगर पंचायत के लिए उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह और पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा नगर परिषद व चक्रधरपुर नगर परिषद के लिए जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी कृष्ण कन्हैया राजहंस को उप निर्वाचन पदाधिकारी घोषित किया गया है।
इस कवायद का एक अर्थ यह भी निकाला जा रहा है कि अब मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद का चुनाव संभव हो सकेगा। इस चुनाव की राह में पिछड़ों का आरक्षण बड़ी बाधा साबित हो रही थी।
परंतु जिस तरह पिछड़ों के आरक्षण के बिना ही पंचायत चुनाव हो गया, संभव है निकाय चुनाव भी हो जाए। बाकी किसी निकाय के चुनाव में पिछड़ों का आरक्षण समस्या नहीं है, क्योंकि वहां चुनाव पहले से हो रहे हैं। परंतु 1975 में नगर निकाय बने मानगो में आज तक चुनाव हुआ ही नहीं है।
इस वजह से यहां पिछड़ों की आबादी का आंकड़ा नहीं है। जुसगलाई में भी करीब 40 साल पहले चुनाव हुआ था। राज्य बनने के बाद वहां भी निकाय चुनाव नहीं हुआ है। इस कारण वहां भी पिछड़ों की आबादी का आंकड़ा नहीं है। हालांकि चाकुलिया में यह समस्या नहीं है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने एक अन्य पत्र जारी कर सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त से विधान सभा वार निकायों की सूची मांगी है।
इसका उद्देश्य नगर निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची का विखंडीकरण शुरू करना है। सूची मिल जाने पर यह काम जल्द शुरू हो सकेगा। संकेत हैं कि इस साल के अंत तक चुनाव करा लिए जाएंगे।









