देशभर के विभिन्न राज्यों से चुन कर राज्यसभा पहुँचे सांसदों का आज शपथ ग्रहण है. चुने गए 60 सदस्य आज शपथ लेंगे. राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू अपने चेंबर में सभी सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटे निर्दलीय परिमल नाथवानी और राष्ट्रीय जनता दल के प्रेमंचद्र गुप्ता का कार्यकाल पूरा होने के बाद राज्यसभा सीटें खाली हुई थीं। इन दोनों सीट के लिए सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शिबू सोरेन को अपना उम्मीदवार बनाया था जबकि बीजेपी से झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश प्रत्याशी थे। वहीं कांग्रेस ने शहजादा अनवर पर दांव लगाया था।
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए मतदान में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दीपक प्रकाश और झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी शिबू सोरेन चुनाव जीत गए हैं। भाजपा प्रत्याशी को 31 और झामुमो प्रत्याशी को 30 मत प्राप्त हुए थे। तीसरे उम्मीदवार कांग्रेस के शहजादा अनवर को मात्र 18 वोटों से संतोष करना पड़ा था। भाजपा से राज्यसभा पहुंचने वाले दीपक प्रकाश पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष भी हैं।
झारखंड मुक्ति मोर्चा सुप्रीमो शिबू सोरेन राज्य के सबसे बड़े नेताओं में शामिल हैं। आदिवासी समुदाय के वे बड़े नेता हैं और वह तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। फिलहाल उनके बेटे राज्य के मुख्यमंत्री हैं। यूपीए-1 के समय शिबू सोरेन केंद्र सरकार में कोयला मंत्री भी रह चुके हैं। 1977 में पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ने वाले शिबू सोरेन पहली बार 1980 में संसद पहुंचे थे। इसके बाद वे दुमका संसदीय सीट से 1989, 1991, 1996 और 2004 में दुमका से चुनाव जीते। इस बीच एक बार वे इसी सीट से उपचुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। 2002 में वे राज्यसभा भी जा चुके हैं।
Also Read: कोरोना के कहर से उजड़ गया परिवार, 16 दिन के अंदर परिवार के 5 लोगों की गई जान
दीपक प्रकाश अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से बीजेपी में आए। वे फिलहाल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। झारखंड बनने के बाद राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने बाबूलाल मरांडी की सरकार में दीपक प्रकाश को झारखंड खनिज विकास निगम के चेयरमैन पद पर नियुक्त किया गया था। बाद में जब बाबूलाल मरांडी ने बीजेपी छोड़ी तब दीपक प्रकाश भी उनके साथ हो लिए। हालांकि जल्द ही उन्होंने पार्टी में वापसी भी कर ली थी। अब बाबूलाल मरांडी भी बीजेपी में शामिल हो चुके हैं और दीपक प्रकाश राज्यसभा पहुंचने में कामयाब हो गए हैं।